नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित आईएमआईटी कॉलेज के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार पिता की मौत हो गई। जबकि हादसे में पुत्र घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन को लेकर दुर्घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुलंदशहर रोड स्थित चितौली रोड निवासी गुफरान (42) वेल्डिंग का काम करते हैं। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने पुत्र फरहान के साथ रामपुर रोड स्थित एक मकान में वेल्डिंग का काम करके बाइक से घर लौट रहे थे। बुलंदशहर रोड स्थित आईएमआईटी कॉलेज के पास पहुंचने पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें गुफरान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका पुत्र फरहान घायल होकर बेहोश हो गया।
दुर्घटना के बाद चालक वाहन को लेकर यहां से फरार हो गया। होश आने के बाद फरहान ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर परिजन व मोहल्लेवासी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जदीद चौकी प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी की।
पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक गुफरान तीन भाई व दो बहनों में तीसरे नंबर के थे। वह अपने पीछे अपनी पत्नी अमीरजहां, पुत्र फरहान, सोफिया, सकीना व पांच वर्षीय पुत्र माज को छोड़ गए हैं। उनकी मां जरीना, पत्नी अमीरजहां व बच्चों को रो रोकर बुरा हाल था। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर वाहन को ज्ञात कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।