हापुड़। जिले में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण स्थलों प्राचीन भूतेश्वर शिव मंदिर और कबीरदास चौक पर विकास कार्य कराए जाएंगे। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के साथ ही परिसर का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। दोनों कार्यों पर करीब 2.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दत्तियाना गांव स्थित प्राचीन भूतेश्वर शिव मंदिर में विकास कार्यों पर करीब 2.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुलभ शौचालय और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालुओं को मंदिर के इतिहास और महत्व की जानकारी देने के लिए क्यूआर कोड युक्त सूचना पट लगाए जाएंगे। परिसर में बैठने के लिए बेंच स्थापित करने के साथ ही लैंडस्केपिंग भी कराई जाएगी। इस परियोजना को पूरा करने के लिए नौ महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
इसी तरह गढ़मुक्तेश्वर नगर क्षेत्र में स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक कबीरदास चौक का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 88 लाख रुपये खर्च होंगे। यहां भी बहुउद्देश्यीय हॉल, प्रकाश व्यवस्था, सुलभ शौचालय, पेयजल सुविधा, क्यूआर कोड वाले सूचना पट, आगंतुकों के बैठने के लिए बेंच और हरियाली विकसित करने जैसे कार्य होंगे। इस कार्य को छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दोनों परियोजनाओं की जिम्मेदारी यूपीएसटीडीसी के प्रबंध निदेशक को सौंपी गई है।
कोट
दोनों स्थानों पर सैकड़ों श्रद्धालु हर दिन आते हैं। प्राचीन स्थलों को पर्यटन के रूप में बढ़ावा देने के लिए शासन स्तर से कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं। - लज्जाराम वर्मा, जनरल मैनेजर, यूपीएसटीडीसी