दो पक्षों के विवाद में इलाज के दौरान भीम सिंह की मौत
- फोटो : अमर उजाला संवाद
हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर बुकलाना गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हुए भीम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
23 जुलाई को गांव में दो पक्षों के बीच विवाद पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका आरोप है कि कई लोग लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और तमंचों से लैस होकर भीम सिंह के घर में घुस आए थे। इस दौरान फायरिंग और मारपीट में भीम सिंह, उनके पुत्र सागर समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए थे। गंभीर हालत में भीम सिंह और सागर को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान भीम सिंह ने दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में परविंद्र नागर की तहरीर पर पुलिस पहले ही नामजद आरोपियों एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। अब घायल की मौत के बाद पुलिस मामले में धाराओं को बढ़ाने की कार्रवाई भी करेगी। भीम सिंह के निधन से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं तनाव की आशंका को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सीओ का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।