पिलखुवा। भाकियू शक्ति मंच के कार्यकर्ताओं ने छिजारसी टोल प्लाजा पर जमकर नारेबाजी कर हंगामा किया। इस दौरान टोल प्लाजा पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की लाइन लग गई। टोलकर्मी पर संगठन के जिलाध्यक्ष की कार का शीशा क्षतिग्रस्त एवं अभद्रता करने का आरोप है। एसएचओ और टोल प्रबंधक अजीत चौधरी ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
शक्रवार को भाकियू शक्ति मंच के दर्जनों कार्यकर्ता एकत्र होकर प्रदेश अध्यक्ष इमरान अली के नेतृत्व में टोल प्लाजा पर पहुंचे। उन्होंने हापुड़ की तरफ से गाजियाबाद की तरफ जाने वाले लेन संख्या एक, दो और तीन पर वाहनों को खड़ा कर हंगामा करना शुरू कर दिया। जिसके चलते प्लाजा पर वाहनों का जाम लग गया। प्रदेश अध्यक्ष इमरान अली ने बताया कि शुक्रवार की सुबह संगठन के अमरोहा जिलाध्यक्ष नसीम खान का भाई कार लेकर गाजियाबाद से अमरोहा जा रहा था। संदेश होने के बावूजद भी टोल कर्मी ने अभद्रता की। इस दौरान बैरियर से टकराकर कार का शीशा टूट गया। उन्होंने टोलकर्मी को हटाने और संगठन के कार्यकर्ताओं के वाहनों को फ्री निकालने की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसएचओ और टोल प्रबंधक ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इस अवसर पर नसीम खान, चौधरी वाहिद अली, इमरान खान, करूणा यादव आदि उपस्थित रहे।
कोट-
किसानों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया दिया है। किसान टोलकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगा रहे हैं, इस मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।
- अजीत चौधरी, प्रबंधक, छिजारसी टोल प्लाजा।