हापुड़। तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार और शोषण के विरोध में बुधवार को किसानों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति ने तहसील के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष सुधीर चौधरी ने कहा कि हापुड़ तहसील में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और कर्मचारी किसानों का शोषण कर रहे हैं, इसके कई उदाहरण हैं। जैसे ग्राम ततारपुर निवासी महिला राकेश पिछले एक साल से जमीन में वारिसान के लिए चक्कर काट रही हैं। उनसे काम के बदले कई बार रिश्वत मांगी गई। ग्राम अयादनगर के किसान अपनी जमीन में नाम दर्ज कराने के लिए दो साल से चक्कर काट रहे हैं। ग्राम अनवरपुर के किसान अंकित शर्मा सहित अन्य किसान पिछले तीन साल से अपनी जमीन के मुआवजे को लेकर भटक रहे हैं। जिला सचिव विपिन चौधरी ने कहा कि किसान दिवस में दी गई शिकायत के बाद भी तहसील में बैठे कर्मचारी डीएम के आदेशों को भी नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान रामेंद्र सिंधू, मुनेश यादव, संजय त्यागी, शोएब, शशांक गुप्ता, मंजीत सिंह, शैंकी चौधरी, विनेश पाल, विरेंद्र गिल, रागिब चौधरी, संजय शर्मा, मुनेश यादव, शिवम और सचिन चौधरी आदि मौजूद रहे।