गढ़मुक्तेश्वर। कम किराया देने के विरोध पर शनिवार की देर शाम गांव सरुरपुर के निकट यात्री ने निजी बस के चालक और परिचालक की पिटाई कर बस में तोड़फोड़ की। वहीं पुलिस मामले की जानकारी से इन्कार कर रही है।
गांव अठसैनी निवासी मुकर्रम ने बताया कि वह दिल्ली लाल किला से गढ़-मुरादाबाद की निजी बस में परिचालक है। शनिवार को वह लाल किला से सवारी लेकर चला था। सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ निवासी एक युवक से उसने सौ रुपये किराया मांगा, लेकिन आरोपी उसके केवल 60 रुपये दे रहा था। जिसे लेकर उसका यात्री से विवाद हो गया। बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। जिसके बाद वह वैठ के बाहर युवक को उतार कर आगे चल दिया। इसी बीच आरोपी अपने साथियों के साथ पीछे से पहुंचा और फ्लाईओवर उतरने के बाद सरुरपुर क्षेत्र में बस को जबरन रुकवा लिया। जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए पिटाई करना शुरू कर दिया। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसकी भी पिटाई की। इतना ही नहीं आरोपियों ने बस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह का कहना है कि इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।