एक ऑटो सवारियां लेकर शनिवार की शाम गाजियाबाद की ओर जा रहा था। ऑटो में थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव चितौली निवासी कुसुम (60), जिला मेरठ के जली कोठी निवासी फैसल (22) व उनकी मां शहनाज (61), हापुड़ के मोहल्ला तगासराय निवासी सागर (26), उनकी पत्नी आस्था (25) व उनका पुत्र दक्ष (3) सवार था। एनएच-09 स्थित ऐलिवेटेड रोड पर रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचने पर तेज रफ्तार यह ऑटो रोड पर खराब खड़े ट्रक में जा टकराया। हादसा होते ही ऑटो में बैठी सवारियों में चींख पुकार मच गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर सीओ अनीता चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कुसुम व फैसल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में उपचार जारी था। हादसे से ऐलिवेटेड रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया और यहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो व खराब खड़े ट्रक को रोड से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि ऐलिवेटेड रोड पर खराब खड़े ट्रक से ऑटो पीछे से टकराया था। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। हालांकि हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।