संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। दहेज में पांच लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या की कोशिश की। पति, देवर ने अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि उसकी शादी जनपद मेरठ निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज मेंं पांच लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग शुरू कर दी थी। जिसे पूरा न करा पाने पर उत्पीड़न कर घर से निकाल दिया लेकिन, कुछ ही समय बाद मवाना थाने में परिवार के प्रबुद्ध लोगों के बीच समझौता होने पर वह ससुराल लौट गई। परंतु ससुराल पक्ष के लोगों के व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया।
आरोपियों ने दोबारा उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। पति और देवर ने तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी देते हुए अपने मोबाइल में विवाहिता के अश्लील फोटो खीचें और वीडियो भी बना लिए। फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। करीब छह माह पहले ससुर और अन्य आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर उसकी हत्या की कोशिश की। जिसकी जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उनकी भी पिटाई की और उनके साथ उसे भी घर से निकाल दिया। तभी से वह मायके में रह रही है। पीड़िता ने पति व अन्य आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 351(2), 351(3), 77, दहेज अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।