गढ़मुक्तेश्वर। नगर के स्याना रोड पर शनिवार सुबह दुकान के बाहर सफाई कर रहे दो सगे भाइयों पर मिनी ट्रक चालक ने चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित अलताफ ने बताया कि शनिवार सुबह स्याना रोड पर स्थित अपनी कार शृंगार की दुकान के बाहर सफाई कर रहे थे। उसी दौरान दुकान के सामने मिनी ट्रक खड़ा हुआ था, इससे सफाई में दिक्कत हो रही थी। उन्होंने ट्रक चालक से वाहन हटाने को कहा, तो वह नाराज हो गया। ट्रक चालक और उसके साथी ने अभद्रता और गाली-गलौज की। आरोप है कि इस दौरान ट्रक चालक ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए उनके भाई पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है, आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।