हापुड़। हापुड़ रोडवेज डिपो से मोदीनगर मार्ग पर संचालित बस परिचालक सात यात्रियों से किराया वसूल कर बिना टिकट यात्रा करा रहा था। चेकिंग टीम द्वारा पकड़ में आने पर एआरएम ने परिचालक की संविदा समाप्त कर दी है।
मोदीनगर रोड पर हापुड़ डिपो से बसों का संचालन होता है। इस मार्ग पर मोदीनगर के साथ सरावा, बदनौली, भोजपुर सहित अनेक गांवों के हजारों ग्रामीण रोजाना शहर में आवागमन करते हैं। शुक्रवार दोपहर बाद मोदीनगर जा रही बस को चेकिंग टीम ने गांव बदनौली के निकट टिकट बस को रोक लिया।
बस में 45 यात्री सवार थे, जिनमें से सात यात्री बिना टिकट मिले। पूछताछ पर यात्रियों द्वारा बताया गया है परिचालक द्वारा किराया वसूला गया है, लेकिन टिकट उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके साथ ही परिचालक शराब के नशे में भी धुत मिला। मामले की सूचना रोडवेज डिपो के अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद दूसरे परिचालक को भेजकर बस रवाना की गई।
एआरएम रणजीत सिंह ने बताया कि मोदीनगर मार्ग पर परिचालक राजन सिंह द्वारा यात्रियों से किराया वसूलने के बाद भी टिकट नहीं दिया गया साथ ही शराब के नशे में ड्यूटी पर पहुंचा। परिचालक की संविदा समाप्त कर दी गई है और अन्य कर्मियों को भी चेतावनी दी गई है।