जीएसटी में रजिस्ट्रेशन के लिए वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने व्यापारियों को एक और मौका दिया है। बृहस्पतिवार को व्यापारी रेलवे रोड स्थित तुलाराम की धर्मशाला में आयोजित कैंप में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
बुधवार तक महज 1,278 व्यापारियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। अब भी 5,097 व्यापारी रजिस्ट्रेशन से वंचित हैं। केंद्र सरकार ने व्यापारियों की सहूलियत के लिए जीएसटी लागू किया है।
जीएसटी में व्यापारियों के रजिस्ट्रेशन के लिए वाणिज्य कर विभाग को कड़े निर्देश मिले हैं, लेकिन व्यापारियों की उदासीनता के चलते विभागीय अफसरों की समस्या बढ़ गई है। व्यापारी जीएसटी में रजिस्ट्रेशन कराने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
आलम यह है कि जिले के 6,375 व्यापारियों में से अब तक सिर्फ 1278 ने ही जीएसटी के तहत रजिस्ट्रेशन कराया है। वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने रजिस्ट्रेशन की अंतिम डेट 10 जनवरी निर्धारित की थी।
इसके बाद कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। ऐसे में 10 जनवरी को करीब 700 व्यापारियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। व्यापारियों की सुविधा के मद्देनजर अब विभागीय अफसरों ने बृहस्पतिवार को रेलवे रोड स्थित सेठ तुलाराम की धर्मशाला में कैंप लगाने का निर्णय लिया है।
इस कैंप में व्यापारी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे, यह रजिस्ट्रेशन का अंतिम मौका हो सकता है। इसके बाद व्यापारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर रामसराय प्रसाद ने बताया कि व्यापारी कैंप में आकर जीएसटी में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके बाद विभागीय कार्रवाई के लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे।