हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवगढ़ी स्थित श्मशान के पास जंगल में हुई अंजू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका की जेल भिजवाने की धमकी से डरकर आरोपी प्रेमी ने ही दरांती से उसकी हत्या की थी। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चला रहा था। पुलिस ने आरोपी प्रेमी इरशाद को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दरांती व मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि नगर कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह व उनकी टीम ने आरोपी इरशाद निवासी मोहल्ला मजीदपुरा रफीकनगर गली नंबर आठ को उसके मकान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र महिला से आधी करीब 20 वर्ष है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह टाइल्स लगाने का काम करता है। लगभग डेढ़ वर्ष पहले एक मकान में काम करते समय उसकी अंजू से दोस्ती हुईथी। उनकी दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई थी। कई बार आपसी सहमति से दोनों के बीच संबंध भी बने।
जिसके बाद वह अंजू को परिवार चलाने के कुछ खर्च देने लगा। उसके रुपये से ही मृतका अपना खर्चा चलाती थी। पिछले आठ माह से अंजू का व्यवहार काफी बदल गया था। वह उससे हर समय रुपये की मांग करती व काफी बुरा भला कहती थी। वह अपने कमाए हुए रुपयों को अपने घर पर भी नहीं दे पा रहा था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ कई बार इसी बात को लेकर हाथापाई भी की थी। रुपये न देने पर मृतका उसे जेल भिजवाने की धमकी भी देती थी। वह उससे काफी परेशान हो चुका था। वह अविवाहित था और जल्द ही निकाह करना चाहता था। लेकिन अंजू लगातार रुपये देने का दबाव बना रही थी। इसलिए उसने छुटकारा पाने के लिए अंजू की हत्या करने की योजना बनाई।
अंजू ने 14 अप्रैल को मिलने जंगल में बुलाया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 अप्रैल की दोपहर अंजू ने उसे फोन कर मोहल्ला शिवगढ़ी स्थित श्मशान के पास जंगल में बुलाया था। वह दोनों यहां पहले भी मिल चुके थे। जिसके बाद उसने अंजू को ठिकाने लगाने का मन बना लिया। वह घर में रखी दरांती व चाकू लेकर बाइक से श्मशान स्थित जंगल में पहुंच गया। यहां अंजू उसका पहले से ही इंतजार कर रही थी। आरोपी ने बाइक खड़ी कर मृतका के चेहरे, गर्दन व पीठ पर पहले चाकू व बाद में दरांती से कई वार किए। चाकू व दरांती के वार से अंजू की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मृतका का मोबाइल फोन व दरांती को नाले मेें फेंककर फरार हो गया था।