हापुड़ जिले में रामपुर रोड पर रेबन मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फैक्ट्री के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद फैक्ट्री की तकनीकी टीम ने गैस का रिसाव बंद किया।
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर रोड पर स्थित रेबन मीट फैक्ट्री में बृहस्पतिवार देर शाम अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर फैक्ट्री के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद फैक्ट्री की तकनीकी टीम ने गैस का रिसाव बंद किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, रामपुर रोड पर रेबन फूड के नाम से मीट फैक्ट्री संचालित है, जिसमें सैकड़ों कर्मचारी और मजदूर काम करते हैं। बृहस्पतिवार शाम अचानक फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को मिली। सूचना पर जदीद चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि फैक्ट्री के रिफ्रेशमेंट सेक्शन में सेफ्टी वाल्व लीक होने से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है। इसके बाद टीम ने मौके पर काम कर रहे मजदूरों को फैक्ट्री से बाहर निकाल दिया।
फैक्ट्री की तकनीकी टीम ने सेफ्टी वाल्व को दुरुस्त कर दिया, जिसके बाद गैस का रिसाव बंद हो गया। रिसाव रुकने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि गैस रिसाव को तुरंत रोक दिया गया था। इससे कोई जनहानि नहीं हुई है और फैक्ट्री में हालात अब सामान्य हैं। मामले की जांच की जा रही है।