गढ़मुक्तेश्वर। नगर निवासी महिला ने बेटे की शादीशुदा प्रेमिका पर रंगदारी मांगने और जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बृहस्पतिवार को जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की हापुड़ सीएचसी में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
मोहल्ला मिर्धापाड़ा निवासी प्रेमवती ने थाने में तहरीर दी है। जिन्होंने बताया कि उनके 32 वर्षीय बेटे रिंकू को करीब दो साल पहले मोहल्ला उपाध्याय नगर निवासी महिला ने षड़यंत्र के तहत अपने प्रेेमजाल में फंसा लिया था। आरोपी महिला ने उनके बेटे से लाखों रुपये हड़प लिए। इसके बाद उनके बेटे पर धोखाधड़ी, दुष्कर्म, पिटाई करने समेत अन्य धाराओं में झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस मामले में रिंकू को जेल भी जाना पड़ा। उसकी जमानत दो माह पहले ही हुई थी। रिंकू के जेल से बाहर आने के बाद भी आरोपी महिला ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। जो अक्सर उसे धमकी देने लगी। वहीं, मुकदमा वापस लेने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की। इस बारे में रिंकू ने परिजनों से वार्ता भी की, लेकिन वह लोग इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर आरोपी ने उनके बेटे को अपने घर बुलाया और षड़यंत्र के तहत उसे खाने-पीने की वस्तु में मिलाकर जहरीला पदार्थ दे दिया। इससे रिंकू की हापुड़ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़िता ने आरोपी महिला को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सीएचसी में की थी चप्पलों से पिटाई
युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने हापुड़ सीएचसी में ही आरोपी महिला को बुरा-भला कहते हुए चप्पलों से उसकी पिटाई भी की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
- स्तुति सिंह, सीओ