गढ़मुक्तेश्वर। नगर के स्याना रोड स्थित रेलवे फाटक के निकट रेलवे लाइन पर घायल अवस्था में मिले पिलखुवा के गांव कस्तला कासमाबाद निवासी प्रवीन कुमार की मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद मंगलवार को मृतक के माता-पिता ने दोस्तों पर बेटे को ट्रेन से फेंक कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को गांव कस्तला कासमाबाद निवासी बृजपाल सिंह और राजकुमारी ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे। बृजपाल सिंह ने तहरीर देते हुए कहा कि उनका इकलौता बेटा सोमवार को घर पर ही था। तभी उसके दोस्त फोन करके गंगा स्नान करने की बात कहते हुए घर से बुला कर ले गए थे। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। बताया कि बेटे के दोस्तों ने दोपहर को जानकारी दी कि प्रवीन ट्रेन से गिर गया। प्रवीन के माता-पिता ने बताया कि आरोपियों ने उनसे झूठ बोला है। उन्होंने ही किसी विवाद में बेटे की पिटाई कर उसे ट्रेन से फेंक दिया। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।