बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर सलामतपुर निवासी प्रीत नागर ने मायके पक्ष पर उनकी पत्नी को बंधक बनाकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मायके पक्ष के चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रीत नागर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि चार जुलाई 2025 को उसने नेहा निवासी गांव जावली जिला गाजियाबाद से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी का भाई अंकित व अक्षय, चचेरा भाई साहिल निवासी गांव जावली जिला गाजियाबाद और मामा हरेंद्र निवासी गोविंदपुर जिला मेरठ लगातार दोनों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपी उसकी पत्नी को वापस घर लाने का दबाव बना रहे थे। तीन दिसंबर को आरोपी उसकी पत्नी को मायके ले गए। वहां उसकी पत्नी को बंधक बनाकर उसकी पिटाई की। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर पर अंकित, अक्षय, साहिल व हरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।