सपा के जिला कार्यालय पर मतदाता सूची दिखाते सपा कार्यकर्ता। संवाद
हापुड़। सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में बड़ी अनियमितताएं हैं। तीनों तहसीलों में मतदाता सूची का सूक्ष्म अध्ययन करने पर पाया गया कि एक-एक मतदाता का नाम कम से कम दो बार और अधिक से अधिक 5 से 6 बार तक दर्ज है। यह धांधली चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।
जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सूची को जिलाधिकारी को ज्ञापन के माध्यम से सौंपा जाएगा और कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए इसे सीधे भारत निर्वाचन आयोग को ईमेल के माध्यम से लिखित शिकायत के रूप में भेजा जाएगा ताकि इस धांधली को तत्काल प्रभाव से सुधारा जा सके।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार धांधली कर रही है और फर्जी वोटरों के माध्यम से आगामी 2027 के चुनावों में जीत हासिल करना चाहती है। हमारी मांग है कि त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची को तत्काल शुद्ध किया जाए और संशोधित तथा त्रुटिहीन मतदाता सूची को सार्वजनिक किया जाए।
जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने पीडीए आरक्षण घोटाले पर कहा कि भाजपा सरकार के पिछले 10 वर्षों में पीडीए यानी पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक समाज के साथ आरक्षण का बड़ा खिलवाड़ हुआ है। सरकार द्वारा संचालित 22 विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पीडीए वर्ग के लिए आरक्षित 11514 से अधिक पदों को सुनियोजित तरीके से लूटा गया है जिसमें 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा भी शामिल है। जिसमें पिछड़ा वर्ग आयोग ने आरक्षण के नियमों का सही पालन न होने की पुष्टि की है। इस मौके पर सुधीर चौहान, तेजपाल प्रमुख, राजेश यादव, अफसाना चौधरी, पुरुषोत्तम वर्मा, युधिष्ठिर यादव, फारूक प्रधान और अनुज आदि मौजूद रहे।