हापुड़। नगर के मोहल्ला नबी करीम निवासी व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाइयों पर फरीदपुर गोयना गांव में करोड़ों रुपये की भूमि में स्टांप शुल्क चोरी करने का आरोप लगाया है। इस भूमि पर प्लॉटिंग की गई है, जबकि उसे आबादी में भी दर्ज नहीं कराया गया है। इस प्रकरण में पीड़ित ने डीएम से शिकायत की है। नबी करीम निवासी गुरुनाम सिंह ने एडीएम को दी शिकायत में बताया कि 24 बीघा भूमि में उनके पिता आधे के हिस्सेदार थे और आधी भूमि में दादा का नाम था। उस तरह उन्हें करीब 14 बीघा जमीन मिलनी थी लेकिन दादा की छह संतानों में उनके पिता को हटाकर अन्य पांच ने उनके हिस्से पर भी प्लाटिंग करा दी। जबकि न तो भूमि आबादी में दर्ज की गई है और न ही कुर्रेबंदी हुई है।
आरोप है कि एग्रीमेंट में भूमि की कीमत महज 42 लाख रुपये दर्शायी गई है। इसी के अनुसार स्टांप शुल्क भी लगा है। जबकि इस भूमि का सौदा 4.80 करोड़ रुपये में हुआ है। एक अन्य एग्रीमेंट में इसका उल्लेख है। इस भूमि में करीब 110 बैनामे कर प्लॉटों की बिक्री कर दी गई है। स्टांप चोरी कर सरकार को लाखों रुपये की चपत लगाई है। इस प्रकरण में पीड़ित ने जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है।