गढ़मुक्तेश्वर। नगर में कोतवाली रोड पर जैन गली के सामने कहासुनी के बाद एक युवक ने अन्य युवकों पर पीटने का आरोप लगाया है। गांव झड़ीना निवासी निखिल गोस्वामी ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त की दोपहर उनका साथी मनीष रास्ते से जा रहा था। जैन गली के सामने कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई और युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मनीष के फोन करने पर निखिल मौके पर पहुंचा।
पीड़ित निखिल ने आरोप लगाया कि वहां सचिन, प्रिंस, विशू, और अवनीश ओबराय निवासी जैन गली मौजूद थे। पीड़ित का आरोप है कि इन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान उसके सिर पर रॉड और अन्य हथियारों से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। शोर सुनकर मौके पर भीड़ एकत्र हुई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। निखिल ने बताया कि उनका गढ़ स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच कराई जा रही है।