हापुड़। ग्राम बदरखा निवासी सत्तार की मृत्यु के मामले में बृहस्पतिवार को परिजन कलक्ट्रेट पहुंचे। परिजनों ने कुछ लोगों पर सत्तार की हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
सत्तार की पत्नी शहनाज ने बताया कि 28 अगस्त को करीब दो बजकर 15 मिनट पर उनके पति को फोन कर घर से बुलाया गया। जहां कुछ लोगों ने मिलकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। इनमें से कुछ लोगों को परिवार के सदस्य भी जानते हैं। आरोप है कि चौकी और थाने पर तहरीर लेकर परिजन पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने तहरीर लेने से इन्कार कर दिया। अब आरोपी पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शुरूआत में आरोपियों ने परिजनों को बरगलाया था। सत्तार का पोस्टमार्टम तक नहीं कराने दिया गया। अब जानकारी में आया है कि आरोपियों ने ही सत्तार की हत्या की है। इसलिए पाेस्टमार्टम कराया जाना जरूरी है। जिससे कि सच्चाई सामने आ सके। मामले में डीएम प्रेरणा शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को फोन कर सही कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं। शिकायत करने वालों में रुबीना, अफसाना, सैफ, शारिक, सुहेल, जुबेर, रुकसाना, तंसीर आदि शामिल हैं।