सिंभावली। गांव हिम्मतपुर निवासी सलमान ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसने बताया कि वह काफी समय से सिंभावली की सैफी कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहा है। वह टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता है। जनपद अमरोहा के वासीपुर गांव में अपने मामा के यहां काम करने के दौरान उसकी मुलाकात हसन अली और कासम निवासी गांव ढकिया ढिलारी, जनपद मुरादाबाद से हुई। जिन्होंने कुवैत में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। अच्छे वेतन के लालच में वह आरोपियों की बातों में आ गया। जिन्होंने दस्तावेज, वीजा तैयार कराने और अन्य खर्चों के लिए करीब चार लाख रुपये की मांग की। जिसके बाद आरोपियों ने उसका वीजा लगवा दिया, लेकिन जांच कराने पर वीजा नकली पाया गया। जिसके बाद उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।