कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई आबादी में अवैध रूप से शराब बिक्री होने पर लोग भड़क गए। स्थानीय निवासियों से बुधवार को तहसील में प्रदर्शन कर शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। तहसील दिवस पर लोगों ने अफसरों को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को तहसील परिसर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मोहल्ला नई आबादी के लोग एकत्रित होकर पहुंचे। लोगों ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेचते हैं।
मोहल्ले में शराबी महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं और विरोध पर अभद्रता करते हैं। लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं, शराब बेचने वाले विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूर्व भी विरोध करने पर आरोपियों ने मोहल्ले के एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया था। इस दौरान राजकुमार, राजबाला, सुमन, राजकुमारी, मुकेश, नीरज, संदीप मौजूद रहे।