डीएम द्वारा स्कूलों में छुट्टी की घोषणा के बाद भी निजी स्कूल संचालकों ने बृहस्पतिवार को धड़ल्ले से स्कूल खोले। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के चुनाव में व्यस्तता के चलते यह अव्यवस्था बनी। हालांकि अब अफसर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर डीएम अनिल ढींगरा ने 12 फरवरी तक स्कूलों में अवकाश की घोषणा की थी। इस दौरान स्कूल खोलने वाले संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके बृहस्पतिवार को कोठीगेट,
रेलवे रोड, शिवपुरी, रेलवे स्टेशन के पास, पन्नापुरी में कई स्कूल बेधड़क खोले गए। बच्चों से जब छुट्टी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि शिक्षक ने स्कूल न आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसकी वजह से उन्हें स्कूल आना पड़ा।
बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि डीएम के आदेश की अवहेलना गंभीर मामला है। स्कूल खोलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।