गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पूठ में दो पक्षों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार रात शुरू हुआ झगड़ा बृहस्पतिवार को एक बार फिर उग्र हो गया। दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौता हो जाने के बावजूद गांव पहुंचते ही फिर से कहासुनी शुरू हो गई और मामला जमकर मारपीट तक पहुंच गया।
बुधवार रात गांव पूठ में किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस तीन लोगों को थाने ले आई थी। थाने पर दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और पुलिस की मध्यस्थता में आपसी समझौता हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। लेकिन बृहस्पतिवार को थाने से गांव पहुंचने के बाद पुरानी रंजिश और आपसी आरोप-प्रत्यारोप के चलते फिर से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला किया गया। बृहस्पतिवार को हुई मारपीट में रविंद्र, राहुल, किरन, मूर्ति और शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उन्हें गहरी चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।