हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला त्रिलोकीपुरम निवासी अंजार ने पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति पर बच्चों की कहासुनी में उनकी पुत्री पर ज्वलनशील पदार्थ डालने का आरोप लगाया है। इसमें उनकी पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अंजार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 13 अगस्त को उनके बच्चों की पड़ोस में रहने वाले बच्चों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि 14 अगस्त की तड़के पड़ोस में रहने वाले आस मोहम्मद ने उनकी पुत्री पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। इसमें उनकी पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई। पुत्री की चीख पुकार से वह व उसके परिजन जाग गए और आरोपी आस मोहम्मद को पकड़ने का प्रयास किया।
उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर यहां पहुंची पुलिस ने उनकी पुत्री को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी आस मोहम्मद खुलेआम घूमकर उन्हें अभी तो ट्रेलर था आगे तेजाब डालकर बुरा हाल करने की धमकी दे रहा है। आरोपी उनकी पुत्री के साथ कोई अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। वह व उनका परिवार इस घटना से भयभीत है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर आस मोहम्मद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।