बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर सरावनी निवासी एक युवती को युवक बहला फुसलाकर घर में रखी चार लाख रुपये की नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के पिता को जान से मारने की भी धमकी दी। पिता ने तीन लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी दो पुत्रियों की शादी 23 जून को होनी तय हुई थी। जिसके सिलसिले में वह 25 मई की शाम को अपनी रिश्तेदारी में गया था। रात अधिक होने पर वह अपनी रिश्तेदारी में ही रुक गया। रात को ही मोनू निवासी छोटा हसनपुर कलां जिला मेरठ उसकी एक पुत्री को बहला फुसलाकर घर के संदूक में रखी चार लाख रुपये की नकदी व लाखों रुपये के गहने भी ले गया। 26 मई की सुबह वापस घर लौटने पर उसे इसकी जानकारी हुई। इसके बाद वह आरोपी के घर पहुंचा तो सोनू निवासी गांव छोटा हसनपुर कला जिला मेरठ व बबलू निवासी गांव खजूरी जिला मेरठ ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह थाने पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस से की। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया व्यक्ति की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।