गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जखेड़ा रहमतपुर में खेत से घर लौट रहे बाइक सवार किसान पर दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने गोली चला दी। घटना के दौरान किसान के पीछे बैठा उसका साथी बाल-बाल बच गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से चिकित्सकों ने उसे हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है।
गांव भैना निवासी संजीव कुमार ने क्षेत्र के ही गांव जखेड़ा रहमतपुर में दिल्ली के मदनपुर खादर निवासी कृष्ण बिधूड़ी का आठ बीघा खेत पांच महीने पहले बटाई पर लिया था। जिसमें उसने गन्ने और चारे की फसल की बुवाई की हुई है। बुधवार की शाम को संजीव गांव के ही रहने वाले मुकेश कुमार के साथ अपने खेत पर गया था। जहां से आते हुए रास्ते में दो बाइक पर सवार होकर आए चार अज्ञात लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली कमर में लगने से संजीव घायल हो गया, वहीं मुकेश ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। फायरिंग करने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। घायल संजीव को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराते हुए मुकेश ने पुलिस को सूचना दी। सरेशाम फायरिंग की सूचना से पुलिस में हडकंप मच गया। सूचना मिलते ही सीओ आशुतोष शिवम समेत बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं जखेड़ा समेत आसपास के जंगल में बदमाशों की तलाश के लिए कांबिंग भी की गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने संजीव को हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि घायल एवं उसके साथी से पूछताछ की गई है। दोनों अभी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके हैं। घायल को उपचार के लिए हापुड़ भेज दिया गया है। मामले की जांच करते हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है। जिन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।