गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला छोटा बाजार निवासी ऑटो चालक ने बाइक सवार चार युवकों पर मोबाइल लूटने और चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला छोटा बाजार निवासी जय ने तहरीर दी है। पीड़ित ने बताया कि ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जय ने बताया कि 14 मई की रात वह नगर के आंबेडकर गेट के पास ऑटो खड़ा कर सवारियों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। पहले युवकों ने उससे बातचीत करने का प्रयास किया और फिर अचानक उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, उसकी पिटाई भी की। जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित जय ने बताया कि घटना के बाद उसने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।