गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक सिरफिरे युवक ने तीन मासूम बच्चों को गन्ने के खेत में खींच लिया। शोर मचाने पर बच्चों की पिटाई भी की। बच्चों के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देते हुए बताया कि उसके तीनों बेटे शनिवार को घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा,और तीनों बच्चों को उठाकर पास के जंगल में गन्ने के खेत में ले गया। बच्चों ने शोर मचाया तो आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए पीटना शुरू कर दिया। आरोपी की पिटाई से एक बच्चा घायल हो गया।सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। उन्हें देखकर आरोपी बच्चों को छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।