पिलखुवा। वाहन चोरी के गिरोह का पर्दाफाश कर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद हुई हैं। बरामद बाइक हापुड़ और दिल्ली से चोरी की गई थीं। पुलिस ने चारों आरोपियों को रिलायंस रोड स्थित भोवापुर चौराहे से गिरफ्तार किया।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में थाना धौलाना क्षेत्र के गांव खिचरा निवासी मोनीस और गांव पिपलेड़ा निवासी रोशन, थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव भोवापुर निवासी हेमंत, जनपद गाजियाबाद के थाना वेव सिटी क्षेत्र के गांव दीनानाथपुर पूठी निवासी कपिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूरा गिरोह वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय था। बरामद बाइक में तीन स्प्लेंडर प्लस और एक बुलेट शामिल है।
दिल्ली तक फैला चोरी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में दो बाइक हापुड़ और दिल्ली के दर्ज मामलों से संबंधित हैं। एक बाइक दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन एमवी थेफ्ट के मामले से जुड़ी है। अन्य दो बाइक के संबंध में भी चोरी की जानकारी मिली है। पुलिस ने गिरोह के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोनीस के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी, चोरी और आबकारी से जुड़े मामले शामिल हैं। हेमंत के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं। कपिल के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, वाहन चोरी और आबकारी से जुड़े मामले शामिल हैं। रोशन के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज है। इनमें चोरी, शस्त्र अधिनियम और वाहन चोरी के मामले शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि चारों आरोपी शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ हापुड़ और दिल्ली में दो दर्जन से अधिक रिपोर्ट दर्ज हैं।