उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में होली के दिन कई हादसे हुए। सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। तीन अलग-अलग घटनाओं में महिला समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
ब्रजघाट में गंगा पुल पर भीषण हादसा, पति-पत्नी की मौत
कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ब्रजघाट चौकी के पास गंगा पुल पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मंगलवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार पति-पत्नी, सुरेश (40) और गुड्डी (38) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, सुरेश की मां दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़ित नोएडा से बिजनौर जिले के चांदपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने गांव बामरोला लौट रहे थे। अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल दुलारी देवी को गढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
छिजारसी कट पर दो बाइकों की भिड़ंत, एक युवक की मौत
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में छिजारसी कट के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार को हुई इस दुर्घटना में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छिजारसी निवासी अंकुर की उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरे बाइक चालक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत
गढ़मुक्तेश्वर के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 26 वर्षीय युवक धर्मेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार होली के दिन बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की तत्काल मृत्यु हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इस दुखद घटना से गांव पसवाड़ा में शोक की लहर दौड़ गई है।