हापुड़ धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा में शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई पर पड़ा मिला। युवक के गले पर निशान हैं, आशंका है कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आमिर उर्फ डैनी (23 वर्ष) पुत्र आकिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आमिर शुक्रवार रात घर पर अकेला था। शनिवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। काफी कोशिशों के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में युवक की गला घोंटकर हत्या की आशंका है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।