सिंभावली। थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुराने हाईवे पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद मृतक हिमांशु के परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस के अनुसार गांव बक्सर निवासी 21 वर्षीय हिमांशु पाल बाइक से अपने गांव से सिंभावली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पुराने हाईवे पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।