संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। रेलवे लाइन पार रेलवे कॉलोनी के लोगों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही कॉलोनी में रेलवे द्वारा वाटर ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा, जिस पर करीब 60 लाख रुपये खर्च होंगे। वाटर ओवरहेड टैंक का निर्माण होने से रेलवे कर्मचारियों को शुद्ध पेजयल की निर्बाध आपूर्ति होगी।
रेलवे कॉलोनी में कुल 412 परिवार रहते हैं। इनमें से 200 परिवार रेलवे लाइन पर रेलवे कॉलोनी में रहते हैं। यहां पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर ओवरहेड टैंक काफी पुराना हो गया है, जिसकी मरम्मत कर कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन सीमित समय तक ही पेयजल आपूर्ति होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
रेलवे कर्मचारियों की समस्या को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने करीब दो माह पूर्व वाटर ओवरहैड टैंक निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा था। जिसके स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर भी जारी हो चुका है। अगले माह तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत होने की उम्मीद है।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि वाटर ओवरहेड टैंक निर्माण पर करीब 60 लाख रुपये खर्च होंगे। टेंडर जारी कर दिया गया है। निर्माण होने के बाद रेलवे कॉलोनी के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।