हापुड़। मुरादाबाद रेल मंडल में रेल पटरियों पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए रेलवे द्वारा लाइन के दोनों किनारे सुरक्षा की दीवार बनाई जाएगी। गाजियाबाद से हापुड़ होते हुए रोजा तक करीब 500 किलोमीटर लंबी सुरक्षा की दीवार बनने से लाइन पर होने वाले हादसों पर अंकुश लगेगा। साथ ही ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ सकेगी।
हापुड़ रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब 100 जोड़ी सुपरफास्ट, एक्सप्रेस, पैसेंजर, स्पेशल ट्रेनों का आवागमन होता है, जिनमें से 60 जोड़ी ट्रेनों का हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होता है। भविष्य में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए रेलवे लाइनों पर मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं और रेलवे फाटकों को खत्म कर उनके स्थान पर अंडरपास बनाए जा रहे हैं। लोगों की लापरवाही के साथ ही रेलवे लाइन पर निराश्रित पशुओं के आवागमन से भी ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगता है। साथ ही हादसे भी होते रहते हैं।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि रेलवे लाइन के दोनों किनारे करीब पांच फीट ऊंची दीवार का निर्माण करवाया जाएगा। इससे ट्रैक पर हादसों को रोकने और ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने का काम होगा। जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।