पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ चोरी का आरोपी। संवाद
हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान बंद मकानों से चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर आरोपियों से बृहस्पतिवार की देर रात मुठभेड़ हो गई। पीछा करता देख शातिर चोरों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में एक शातिर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि दूसरा अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, गहने, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक व अवैध असलाह बरामद किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मोदीनगर रोड से प्रीत विहार रेलवे लाइन जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों को आता देख पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख बाइक सवार दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस को पीछा करते देखा युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जवाबी कार्रवाई में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के कब्जे से चोरी की नकदी, गहने, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक व अवैध असलाह बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान शाहिद उर्फ शहजाद निवासी बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला करीमपुरा के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि आरोपी शाहिद उर्फ शहजाद ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर सात दिसंबर की देर रात मोदीनगर रोड स्थित मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी में बंद दो मकानों में चोरी की थी। इसके बाद वह यहां से लाखों रुपये की नकदी, गहने व अन्य सामान चोरी कर अपने साथी के साथ फरार हो गया था। आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।