नगर के मोहल्ला त्यागी नगर निवासी अतुल त्यागी नगर कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उस नगर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हैं। सोमवार की देर शाम अतुल टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित एक जिम से स्कूटी पर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान वासु गार्डन के पास वह रुककर किसी से बात कर रहा था, तभी बुलेट बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली स्कूटी में जबकि दूसरी गोली भागते समय अतुल के कूल्हे में लगी। लेकिन गोली लगने के बावजूद वह भाग निकला।
इसके बाद हमलावर आसपास के लोगों को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। सूचना पर थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में एएसपी विनीत भटनागर व सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आसपास लोगों से मामले को लेकर पूछताछ की। अस्पताल में घायल के परिजन भी पहुंच गए।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायल के भाई कृष्णकांत त्यागी ने तीन आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। जबकि घायल और प्रत्याक्षदर्षियों ने दो लोगों के होने की बात कही है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मुकदमा दर्ज कर मामले में जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ कोतवाली में दर्ज हैं 16 मुकदमे
घायल हिस्ट्रीशीटर अतुल त्यागी के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में 16 मुकदमे दर्ज हैं। 26 सितंबर 2024 को दो पक्षों के बीच दिल्ली रोड स्थित सबली गेट पर लाठी डंडों से जमकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की थी। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में हिस्ट्रीशीटर अतुल त्यागी व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। तीन अप्रैल 2025 को पुलिस ने अतुल त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।
शहर में गुटबाजी में घटना की आशंका
अतुल त्यागी की आपसी वर्चस्व के कारण शहर के कई युवाओं के गुटों से रंजिश है। उसके भाई ने मामले में तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है कि इसी गुटबाजी के कारण उस पर हमला हुआ है।