हापुड़। नगर में बंदरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार की सुबह करीब 5.45 बजे मोहल्ला राधापुरी में बंदरों के झुंड ने सुबह सैर पर निकले युवक पर हमला कर दिया। बंदरों से बचने के दौरान युवक गिरकर घायल हो गया। पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने पालिका से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
मोहल्ला राधापुरी निवासी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि वह हर रोज सुबह टहलने के लिए जाते हैं। शनिवार की सुबह भी वह टहलने के लिए घर से निकले थे। घर से आगे चलकर मोड़ पर बंदरों के एक झुंड ने उनपर हमला कर दिया। बंदरों से बचने के दौरान वह जमीन पर गिर गए। जैसे-तैसे खड़े होकर घर के दरवाजे तक पहुंचे।
अंकुर ने बताया कि मोहल्ले में लगातार आवारा कुत्तों और बंदरों की संख्या बढ़ रही है। बंदर और कुत्ते आने-जाने वालों पर हमला कर देते हैं। इस कारण लोगों का घरों से अकेले निकलना दुश्वार हो चुका है। बंदर और कुत्ते कई लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं। नगर पालिका में शिकायत करने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इस कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि बंदरों को पकड़ने और कुत्तों की नसबंदी के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही पूरे शहर में अभियान चलाया जाएगा।