बुलंदशहर के गुलावठी निवासी सात वर्षीय ईशा पुत्री जान मोहम्मद हापुड़ के मोहल्ला फूलगढ़ी में अपनी नानी के यहां आई हुई थी। बुधवार की दोपहर को ईशा को अचानक दौरा पड़ा। पहले भी उसे दौरे पड़ते रहे हैं। दौरा पड़ने की जानकारी होने पर परिजन ईशा को बाइक पर ही लेकर अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन इस दौरान फूलगढ़ी में साप्ताहिक पैंठ लगी हुई थी।
इस दौरान पूरी सड़क पर जाम लगा हुआ था। इस भयंकर जाम में बाइक फंस गई और करीब 20 मिनट तक बाइक को निकलने का रास्ता नहीं मिला। इस दौरान ईशा की हालत और बिगड़ती गई। परिजनों ने बताया कि जैसे-तैसे बाजार से बाइक निकालकर परिजन किशनगंज स्थित एक अस्पताल में पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जाम के कारण बच्ची की मौत से आहत परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की भी। परिजनों की मांग थी कि इस स्थान से जाम हटवाया जाए, ताकि कोई और इसका शिकार न बन सके। सीओ वरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय बनाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। संबंधित चौकी इंचार्ज को भी इस संबंध में निर्देशित किया जाएगा।