ब्रजघाट टोल प्लाजा पर गुरुवार को एक कार चालक ने टोल भुगतान को लेकर विवाद के बाद टोलकर्मियों को कार से कुचलने का प्रयास किया। घटना से टोल प्लाजा पर हड़कंप मच गया। इस दौरान मामले की जानकारी पर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरुवार को ब्रजघाट टोल प्लाजा पर एक कार चालक द्वारा टोल भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद टोलकर्मियों को अपनी कार से कुचलने का प्रयास करने की घटना ने टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मचा दी। इस घटना के संबंध में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गुरुवार शाम को एक कार टोल लाइन में लगी हुई थी। टोल कटने के दौरान कार के फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस न होने के कारण वह टोल बूथ पर रुक गई। पीछे लंबी कतार लग जाने पर टोलकर्मियों ने वाहन को साइड में करने और चालक से नकद भुगतान करने को कहा। इसी बात को लेकर कार चालक भड़क गया।
आरोप है कि कार चालक ने गुस्से में आकर अपनी कार को तेज गति से टोलकर्मियों की ओर दौड़ा दिया और उन्हें कुचलने का प्रयास किया। टोलकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद चालक मौके से भागने लगा, लेकिन टोल कर्मचारियों ने उसका पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी को हिरासत में लिया गया है।