पिलखुवा। मोहल्ला कृष्णगंज में बिजली के तार आपस में टकराने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे गांधी बाजार और कृष्णगंज क्षेत्र में करीब नौ घंटे तक बिजली गुल रही। अचानक आपूर्ति बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों ने बताया कि देर रात करीब तीन बजे बिजली लाइन में फाल्ट हुआ। इसके बाद दोनों क्षेत्रों की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। सुबह से ही लोग बिजली का इंतजार करते रहे, लेकिन दोपहर करीब एक बजे जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान दुकानदारों और घरों में रोजमर्रा के काम प्रभावित रहे और गर्मी में लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य में जुटी रही। तारों के टकराने के कारण लाइन में खराबी आई, जिसे ठीक करने में कई घंटे लग गए।
ऊर्जा निगम के एसडीओ अरविंद कुशवाहा ने बताया कि तार टकराने से फाल्ट हुआ था। टीम ने मौके पर पहुंचकर लगातार काम किया और दोपहर तक आपूर्ति बहाल कर दी गई। उन्होंने कहा कि आगे ऐसी समस्या न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।