हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव इम्टौरी के पास तेज रफ्तार कार और थ्रीव्हीलर की टक्कर में थ्रीव्हीलर के पलटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां सोमवार को चालक की मौत हो गई। घटना के दो दिन बाद मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दर्ज रिपोर्ट में सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव पीरनगर निवासी अंजू ने बताया कि उनके पति शिवकुमार सात नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे अपनी बहन सविता को गुलावठी से थ्रीव्हीलर में बैठाकर घर लौट रहे थे। जब वह थाना हाफिजपुर क्षेत्र में इमटौरी घाट के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने थ्रीव्हीलर में जोरदार टक्कर मार दी। इससे थ्रीव्हीलर सड़क पर पलट गया और शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है।