गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब दिल्ली से संभल जा रही एक डग्गामार बस हाईवे पर दो ऑटो से टकराते हुए सड़क किनारे करीब 10 फीट नीचे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
हादसा स्याना चौपला के पास स्थित एक होटल के सामने हुआ। लोगों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और सामने चल रहे दो ऑटो से अचानक टकरा गई। टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे से नीचे खाईनुमा स्थान में पलट गई। वहीं दोनों ऑटो भी गढ़ चौपला से गंगा घाट की ओर जा रहे थे, जिनमें 10 से अधिक लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। पुलिस की मदद से स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन की सहायता से बस को सीधा कराया गया। घायल यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसपी ज्ञानंजय सिंह और सीओ स्तुति सिंह भी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु कराया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।