हापुड़। नगर के जच्चा बच्चा और प्रसव पीड़ित महिलाओं को अब इलाज के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला मजीदपुरा में पीएचसी के लिए किराए पर बिल्डिंग ले ली गई है। पीएचसी के लिए चिकित्सकों की नियुक्ति भी की जा रही है।
अभी तक इलाज के लिए लोगों को सीएचसी या गोठी गेट स्थित महिला अस्पताल में जाना पड़ता था। बुलंदशहर रोड के कई मोहल्ले और आसपास के गांवों की महिलाएं इन अस्पतालों में जाने के लिए परेशान होती थीं। अब इन महिलाओं को बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला मजीदपुरा में भी स्वास्थ्य लाभ मिल जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मोहल्ला मजीदपुरा में पीएचसी बनाए जाने का निर्णय लिया गया था। मोहल्ले में पीएचसी के लिए किराए पर करीब आठ कमरों की बिल्डिंग मिल गई है। स्वास्थ्य अफसरों का दावा है कि पीएचसी में टीकाकरण, प्रसव हो सकेगा।
पीएचसी में जच्चा-बच्चा, गर्भवती महिलाओं का इलाज व प्रसव कराया जा सकेगा। इसमें करीब 30 चिकित्सक मौजूद रहेंगे। दो सप्ताह के अंदर पीएचसी में स्वास्थ्य संबंधी कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-डाॅ. दिनेश शर्मा, सीएमओ