गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ खादर के पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को शासन से अनुदान और मेला मानचित्र में स्थान दिलाने को चलाई जा रही मुहिम के तहत सामाजिक संगठनों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया।
श्री गंगा सेवा समिति, समर्थ शिक्षा सेवा समिति और तीर्थपुरोहित संघ ने हस्ताक्षर अभियान चलाया है, जिसके तहत ब्रजघाट तीर्थनगरी में रहने वालों समेत बाहरी प्रांतों से धार्मिक अनुष्ठान करने आने वाले भक्तों से सवा लाख हस्ताक्षर कराकर एक मांगपत्र प्रदेश शासन को भेजा जाएगा। श्री गंगा सेवा समिति प्रमुख विनय मिश्रा, समर्थ शिक्षा सेवा समिति संस्थापक राजकुमार उपाध्याय और तीर्थपुरोहित संघ प्रतिनिधि पंडित राजकुमार लालू ने बताया कि जब तक शासन से अनुदान और मेला मानचित्र में स्थान नहीं मिलेगा, तब तक इस पौराणिक मेले की हालत में सुधार संभव नहीं हो पाएगा। क्योंकि वर्तमान में मेला आयोजन की आड़ में विभिन्न टैक्सों की वसूली होने के साथ ही गंगा भक्तों को अपेक्षित स्तर पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं हो पाती हैं। जबकि मेले में गंदगी के निपटारे की कोई योजना भी नहीं चल पाती है। पवन शर्मा, दीपक कुमार, जगमोहन शर्मा, कपिल कुमार, दिनेश, देवीदास, महेन्द्र शर्मा, अनिल कुमार मौजूद रहे।