हापुड़। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष और समाजसेवी पर शुक्रवार को गढ़ रोड स्थित पंचायती गौशाला में अन्नकूट वितरण के दौरान कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान जिलाध्यक्ष के जेब से रुपये और सोने की चेन भी उड़ा दी गई। मारपीट अफरातफरी का माहौल बन गया था। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांधी गंज निवासी रविंद्र गुप्ता विहिप के जिलाध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह अग्रवाल महासभा के मंत्री, श्री पंचायती गौशाला में प्रबंध समिति के सदस्य और हिंदू हेल्प लाइन के प्रांतीय उपाध्यक्ष हैं। शुक्रवार को रविंद्र गुप्ता गोवर्धन पर्व पर गौशाला में लगे अन्नकूट वितरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गए थे।
सुबह करीब 10 बजे रविंद्र गुप्ता गौशाला में बैठे हुए थे तभी एक युवक का उनसे किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुलाया और रविंद्र गुप्ता पर हमला बोल दिया। युवकों ने लात-घूंसों और धारदार चीज से मारकर उन्हें घायल कर दिया।
मारपीट से हड़कंप मच गया। आनन फानन में गौशाला के पदाधिकारियों ने बीच बचाव किया। जिलाध्यक्ष थाने पहुंचे और अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज दिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिन युवकों ने उन पर हमला किया है उनमें से एक युवक अग्रवाल महासभा के चुनाव में मंत्री पद पर उनसे शिकस्त खा चुका है। इसलिए वह रंजिश मानता है। इसी के चलते उन पर हमला किया गया है। इस हमले में उनके गले से सोने की चेन और जेब में रखे 5 हजार रुपये निकाल लिए गए।
एसओ देहात नरेंद्र शर्मा का कहना है कि अंकुर और अमित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे पक्ष अंकुर कंसल का कहना है कि विहिप के जिलाध्यक्ष ने जो आरोप लगाए हैं वह निराधार हैं। बल्कि रविंद्र गुप्ता ने ही मोनू के साथ मारपीट की वह तो सिर्फ बीच बचाव करा रहे थे।