गढ़मुक्तेश्वर। दस साल की बच्ची से रेप को कोशिश करने वाला आरोपी दूसरे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। वहीं, पुलिस ने केस को दबाने की नियत से आरोपी पर रेप की धारा लगाने की बजाए छेड़खानी और मारपीट की धारा लगाकर एफआईआर दर्ज की है।
बता दें कि बहादुरगढ़ के गांव में शनिवार रात पड़ोस में दूध लेने गई 10 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर एक युवक साइकिल से सुनसान जंगल में ले गया था, जहां आरोपी ने बच्ची के साथ रेप कर हत्या करने की कोशिश भी की थी। लेकिन भाग्यवश पीड़िता आरोपी के चंगुल से निकलकर नग्न हालत में ही भागकर घर पहुंच गई थी। इस घटना को लेकर पीड़िता के परिजन और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया था। सूचना पर पहुंची पुुलिस पीड़ित बच्ची को अस्पताल ले गई थी। लेकिन मरहम पट्टी कराकर रेप के मामले में लीपापोती कर महज छेड़खानी और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से भी दूर है। इंस्पेक्टर विनोद कुमार शर्मा का कहना है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात नहीं हुई है। बदनियती से की गई छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपी ने महज उसके साथ मारपीट की है। परिजनों की तहरीर पर छेड़खानी और मारपीट का केस दर्ज किया गया है।