गढ़मुक्तेश्वर। मंदिर के बाहर मवेशी बांधने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। झगड़े के बाद फायरिंग होने से सनसनी फैल गई।
गढ़ के नक्का कुआं रोड के पास वाली आबादी में स्थित शिव मंदिर के बाहर बृहस्पतिवार की रात सतपाल पक्ष ने अपने मवेशी बांधे हुए थे। पड़ोस में रहने वाले छिद्दा सिंह ने मंदिर के पास गंदगी होने से पूजा अर्चना को आने वाले भक्तों को दिक्कत होने की बात कहकर विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों लोगों के बीच तनातनी हो गई। खबर मिलते ही दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए। इसी दौरान भीड़ में शामिल किसी युवक ने गोली चला दी। मारपीट के दौरान फायरिंग होने से हंगामा मच गया। फायरिंग से आसपास में रहने वाले परिवार सहम गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। एसएसआई हरपाल सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच महज मारपीट की वारदात हुई थी। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।