हापुड़ । कोतवाली क्षेत्र के एक बैंक में फर्जी चेक से तीन लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। खाताधारक भाजपा नेता की भाभी ने तहरीर दी है।
लक्ष्मण गली गोपीपुरा निवासी मिनी सेठी भाजपा नेता प्रवीन सेठी की भाभी है। उनका आरोप है कि 9 अक्तूबर को उन्होंने तीन लाख रुपये की आरटीजीएस दिल्ली की एक पार्टी को भेजने के लिए पति सुमित सेठी से गढ़ रोड स्थित बैंक की शाखा के फार्म पर भरवाया था। उनका एक चेक योरसेल्फ के नाम भरकर बैंक को प्रस्तुत किया गया था, जिसकी फोटो उन्होंने अपने व्हाट्सअप पर सुरिक्षत रख ली।
महिला का आरोप है कि अक्तूबर तक जब पार्टी के पास रुपया नहीं पहुंचा तो सुमित ने बैंक मैनेजर से जानकारी मांगी। बैंक अधिकारियों ने फुटेज देखी तो पता चला कि एक शख्स बैंक काउंटर से चेक उठाकर उससे भुगतान प्राप्त कर लिया। सुमित सेठी ने जब लिखित शिकायत की तो बैंक अधिकारियों ने घटना पर पर्दा डालने की कोशिश की और गलत तथ्यों पर 14 अक्तूबर को उत्तर प्रेषित किया। पीड़िता ने बैंक अधिकारियों/कर्मचारियों पर साजिश रचने का आरोप लगाकर तहरीर दी हेै। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस टीम ने बैंक के सीसीटीवी की फुटेज देखी है। बैंक के शाखा प्रबंधक आरएन कथूरिया का कहना है कि आरटीजीएस कराने के लिए चेक को क्रास करना जरूरी होता है।
लोन का झांसा दे 60 हजार हड़पे
पिलखुवा। गांव कंदौला निवासी एक महिला से लोन दिलाने के नाम पर शातिरों ने 60 हजार रुपये हड़प लिए। गांव कंदौला निवासी प्रीति त्यागी ने बताया कि एक माह पहले खरखौदा मेरठ निवासी ने लोन दिलाने के नाम पर उनसे 60 हजार रुपये लिए थे। अब तक नहीं तो लोन पास हुआ है और नहीं उसने पैसे लौटाए हैं। अब पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी मिल रही है। कोतवाल वीपीएस यादव ने बताया कि शिकायत मिली है। जल्द मामले की जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।