हापुड़ । बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अट्टा धनावली में दलित बबलू की हत्या जहर देकर नहीं की गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान उसके जिस्म में किसी प्रकार का जहर नहीं पाया गया। हत्या के कारणों की जांच के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर मंगलवार दोपहर उसका शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर अट्टा धनावली निवासी बबलू को पड़ोस में चल रही दो लड़कियों की शादी में काम कराने के बहाने पड़ोसी बुलाकर ले गए थे। आरोप था कि करीब एक घंटा बाद बबलू को मृतावस्था में कार सवार कुछ लोग गांव वाली सड़क पर फेंककर फरार हो गए थे। इस मामले में ग्रामीणों, परिजनों व मृतक के ससुरालियों ने शव पोस्टमार्टम हाउस से उठाकर हापुड़ नगर पालिका के बाहर जाम लगाने की कोशिश की थी। काफी मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार दोपहर मृतक बबलू का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसओ बाबूगढ़ संजय पाचांल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई चोट, कोई जहर नहीं आया है। इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर भी नहीं मिली है।